सितम्बर 21, 2026

राहत और पुनर्वास के लिए जिला समितियों का गठन

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी आपदा के बाद की स्थिति का आकलन करने के लिए गुरुवार और शुक्रवार को जुब्बल, नवार, कोटखाई, रामपुर और ठियोग निर्वाचन क्षेत्र के अन्य स्थानों का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर उनके साथ रहेंगे।
राज्य सरकार द्वारा हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश, बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से हुए नुकसान का आकलन करने के उद्देश्य से राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। राजस्व मंत्री के अलावा इस समिति में शिक्षा मंत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी बतौर सदस्य और निदेशक-सह-विशेष सचिव (राजस्व-आपदा प्रबंधन समिति) दुनी चंद राणा बतौर सदस्य सचिव शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने भारी बारिश के कारण आई आपदा के मूल्यांकन के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में एक राहत और पुनर्वास समिति का गठन करने का निर्णय लिया है। जगत सिंह नेगी को तीन जिला समितियों, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल- स्पीति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया चंबा जिले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष होंगे। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल बिलासपुर ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, कृषि मंत्री चंद्र कुमार हमीरपुर ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान शिमला ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सिरमौर ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सोलन के लिए गठित समिति के अध्यक्ष, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी जिले के अध्यक्ष और मुख्य संसदीय सचिव सुन्दर सिंह ठाकुर कुल्लू ज़िले के लिए गठित समिति के अध्यक्ष होंगे। जिला राहत एवं पुनर्वास समिति में अध्यक्ष के अलावा अपने-अपने जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचत विधायक और सभी जिला विभागाध्यक्ष बतौर सदस्य शामिल होंगे।
जिलाधीश अपने-अपने जिलों की समिति के सदस्य सचिव एवं संयोजक होंगे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading