नवम्बर 9, 2026

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय के ‘चिंतन शिविर’ की अध्यक्षता करेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 06 जुलाई, 2023 को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय (एमओडी) के एक दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ की अध्यक्षता करेंगे। पिछले महीने, रक्षा विभाग (डीओडी), रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी), सैन्य कार्य विभाग (डीएमए), भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग (डीईएसडब्ल्यू) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने अलग-अलग विचार-मंथन सत्र आयोजित किए थे। इन सत्रों के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दों और उत्पादकता बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई थी। इन विभागों ने विभिन्‍न विषयों को रेखांकित किया था, जिन पर इन विषयों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने अधिकारियों को संबोधित किया और अपनी अंतर्दृष्टि साझा की।

रक्षा मंत्री, विचार-मंथन सत्रों के निष्कर्षों की समीक्षा करेंगे और इन विचार-विमर्शों से प्राप्त सिफारिशों को लागू करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ असैन्‍य और सैन्य अधिकारी भी दिन भर चलने वाली इस बैठक में भाग लेंगे।
सत्र के दौरान जिन विषयों को शामिल किया गया, वे इस प्रकार हैं:

रक्षा विभाग

  • राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए साइबर सुरक्षा चुनौतियां
  • राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए व्यापक दृष्टिकोण
  • निष्पादन लेखा परीक्षा
  • सैनिक स्कूल शिक्षा प्रणाली
  • रक्षा अधिग्रहण में क्षमता निर्माण

रक्षा उत्पादन विभाग

  • उत्पादन और रक्षा निर्यात में वृद्धि करना
  • आत्मनिर्भरता बढ़ाना: स्वदेशीकरण के लिए आगे का मार्ग
  • औद्योगिक इकोसिस्‍टम और कुशल कार्यबल
  • समान अवसरों का विस्‍तार करना
  • गुणवत्ता सुधार

सैन्य कार्य विभाग

  • मानव संसाधन पहलुओं को एकीकृत और अधिकतम करना
  • बेहतर तालमेल हासिल करने की दिशा में प्रशिक्षण और परिचालन संबंधी मुद्दे
  • रणनीतिक क्षेत्र में सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण और क्षमता वृद्धि
  • औपनिवेशिक प्रथाओं और अप्रचलित कानूनों की पहचान करने और उन्हें समाप्त करने के उपाय।
  • सशस्त्र बलों के कामकाज में देश के अपने लोकाचार और तौर-तरीकों को शामिल करना।

भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग

  • ‘भूतपूर्व सैनिकों के लिए बेहतर पेंशन सेवाओं और अन्य कल्याणकारी उपायों के लिए ‘स्पर्श’ पोर्टल का लाभ उठाना’
  • ‘रोजगार क्षमता में सुधार करके तथा भूतपूर्व सैनिकों द्वारा सूक्ष्म उद्यमों की शुरुआत के जरिए उद्यमिता को बढ़ावा देने के माध्‍यम से भूतपूर्व सैनिकों का पुनर्वास’
  • ‘भूतपूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार’

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन

  • डीआरडीओ- अकादमिक साझेदारी: अवसर और चुनौतियां
  • रक्षा अनुसंधान एवं विकास के साथ उद्योग को एकीकृत करना
  • उद्योग और शिक्षा जगत के अंतर्गत रक्षा अनुसंधान एवं विकास को उत्प्रेरित करना

प्रातिक्रिया दे

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.