मार्च 10, 2026

संस्कृति का संरक्षण पर्यटन क्षेत्र के विकास का आधार – संजय अवस्थी

अभिनय-2023 का किया शुभारम्भ

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और इस तरह के आयोजन भारत तथा हिमाचल की समृद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम हैं। संजय अवस्थी गत सांय सोलन के कोठों में फिलफाॅट फोरम द्वारा आयोजित 35वीं अखिल भारतीय नृत्य, नाटक और संगीत प्रतियोगिता ‘अभिनय 2023’ के शुभारम्भ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि भारत और हिमाचल की संस्कृति को देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान और आयामों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय से ही भारतीय संस्कृति देश-विदेश के दार्शनिकों, मनीषियों और पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति अपनी विविधता के लिए विश्व में खास पहचान रखती है। प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति का संरक्षण प्रदेश में पयर्टन क्षेत्र को सुदृढ़ करने में विशेष रूप से सहायक बन सकता है। संस्कृति और पर्यटन एक-दूसरे के पूरक है और संस्कृति का संरक्षण पर्यटन क्षेत्र के विकास का आधार है।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार संस्कृति के संवर्द्धन और पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। प्रदेश के कांगड़ा ज़िला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी ज़िला मुख्यालयों में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सुविधा के लिए हैलीपोर्ट निर्मित किए जाएंगे। इस दिशा में कार्य आरम्भ हो गया है।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर रखना हम सभी का कर्तव्य है। इस दिशा में फिलफाॅट संस्था द्वारा किया जा रहा आयोजन महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि फिलफाॅट फोरम वर्ष 1986 से कलाकारों को अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित की और फिलफाॅट फोरम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता देश के साथ-साथ हिमाचल के उभरते हुए कलाकारों को भविष्य का बेहतर कलाकार बनने की दिशा में उचित मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगियों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार भारतवर्ष की विविध संस्कृति से परिचित होते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमारी युवा पीढ़ी को अपने देश की रंग-बिरंगी संस्कृति से रू-ब-रू करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से फिलफाॅट फोरम को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत कोठों की प्रधान जामवन्ती, ग्राम पचंायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान संजीव, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला कांग्रेस व्यापार मण्डल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जतिन साहनी, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, उपाध्यक्ष रजत थापा, खण्ड कांग्रेस समिति के सचिव संजय भण्डारी, युवा कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत नारंग, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगमोहन मल्होत्रा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, फिलफाॅट फोरम के अध्यक्ष विपुल गोयल, फिलफाॅट फोरम के निदेशक मनोज गुप्ता, महासचिव राजीव उप्पल, प्रधान विजय पुरी, उप प्रधान सुनीता शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading