मार्च 8, 2026

नई दिल्ली में युवाओं ने किया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अभिनंदन

प्रदेश की कांग्रेस सरकार राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का आह्वान किया कि वह परिश्रम के साथ अनुशासित होकर सतत कार्य करें ताकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुनः राष्ट्र एवं विभिन्न राज्यों में स्थापित हो सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू आज नई दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा उन्हें सम्मानित करने के अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोहों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमारे सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता निराशा त्यागकर पूर्ण ऊर्जा एवं समर्पण के साथ जन-जन तक कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का है और सभी को पूर्व की हार से सबक लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संघर्ष की भट्ठी में तप कर ही स्वर्ण कुंदन बनता है और आज का संघर्ष ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सुदृढ़ भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष करने की क्षमता रखने वाला ही चुनौतियों को पार कर सकता है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह कांग्रेस की विचारधारा ही है जिसने एक आम कार्यकर्ता को महाविद्यालय के कक्षा प्रतिनिधि से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति, भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष के उपरांत हिमाचल का मुख्यमंत्री पद सौंपा। उन्होंने कहा कि आज वह भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यालयों में अपने राजनीतिक जीवन के आरंभ को नमन करने आए हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपनी शुरुआत और जड़ों को कभी न भूलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जहां अपने सभी वायदे पूरे करेगी वहीं जन-जन को पारदर्शी, संवेदनशील एवं साफ- सुथरा प्रशासन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने इस अवसर पर अपने राजनीतिक जीवन की यादें भी साझा की।

विधायक अनिरुद्ध सिंह, इंद्र दत्त लखनपाल, रोहित ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, संजय रत्न, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, केवल सिंह पठानिया, भुवनेश्वर गौड़, अजय सोलंकी, राम कुमार चौधरी, कुलदीप राठौड़, नीरज नैयर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास, संयुक्त सचिव कृष्णा अलावेरू, महासचिव कोकोपाड़ी, सचिव अमित पठानिया, युवा कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी विनीत कंबोज, हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी, दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के सचिव संदीप कुमार, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राज्य अध्यक्ष दीपक राठौर, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज नंदन, पूर्व अध्यक्ष रोहित चौधरी, एनएसयूआई दिल्ली के अध्यक्ष अनिल चौधरी, भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading