देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी का निधन
दो दिन पहले ही किया था प्रदेश की 14वीं विधानसभा चुनाव के लिए मतदान
भारत के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी का शनिवार के दिन 106 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को ही कल्पा में अपने घर से पहली बार बैलेट पेपर से 14वीं विधानसभा के लिए मतदान किया था।
किन्नौर के डीसी ने बताया कि श्याम सरण नेगी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी उनके निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ”स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता एवं किन्नौर से संबंध रखने वाले श्याम सरन नेगी जी के निधन की खबर सुनकर दुःखी हूं। उन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए 34वीं बार बीते 2 नवंबर को ही विधानसभा चुनाव के लिए अपना पोस्टल वोट डाला, यह याद हमेशा भावुक करेगी। ॐ शांति! ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें।”
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि नेगी को उनके घर के प्रांगण में बने डाक बूथ तक लाने के लिए रेड कारपेट बिछाया गया था। मतदान के बाद उनके वोट को एक लिफाफे में बंद कर मतपेटी में डाल दिया गया।