अप्रैल 22, 2026

सशस्त्र बलों की सैन्य अभियानगत तत्परता और वैज्ञानिक कौशल को प्रदर्शित करने वाले लाइव प्रदर्शनों ने डेफएक्सपो 2022 के दौरान दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने साबरमती रिवर फ्रंट पर प्रदर्शन का अवलोकन किया

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों के साथ सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक के कर्मियों सहित सशस्त्र बलों की टुकड़ी गांधीनगर, गुजरात में 18 से 22 अक्टूबर, 2022 तक जारी डेफएक्सपो 2022 के अंतर्गत साबरमती रिवर फ्रंट पर सैन्य अभियानों का प्रदर्शन कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अक्टूबर को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के साथ इन साहसी प्रदर्शनों को देखा। प्रदर्शन का उद्देश्य लोगों को रक्षा बलों के सैन्य अभियानों के दौरान ज़रूरी तत्परता और वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन करना था।

इस प्रदर्शन में सशस्त्र बलों के एयर, सरफेस और सब-सरफेस घटक शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों द्वारा एक आकर्षक कॉम्बैट फ्री फॉल के साथ हुई। इसके बाद भारतीय नौसेना के कुलीन मरीन कमांडो (मार्कोस) और भारतीय सेना के पैरा (एसएफ) कमांडो द्वारा एक साहसी प्रदर्शन किया गया, जिसमें कुशलतापूर्वक एक हेलीकॉप्टर से नाव पर रस्से के सहारे उतरा गया, फिर जेमिनी नाव तेज़ गति से चलाई गई और दुश्मन की चौकी को तबाह कर दिया गया। इसके बाद की कार्रवाई सारंग टीम द्वारा विस्मयकारी हेलोबैटिक्स और भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित हैंग ग्लाइडर के साथ फिर से आसमान में की गई।

अन्य गतिविधियों में तटरक्षक बल द्वारा खोजबीन एवं बचाव प्रदर्शन, स्मॉल टीम इंसर्शन एंड एक्सट्रैक्शन तथा भारतीय नौसेना द्वारा एक शानदार आक्रामक डेमो, भारतीय वायु सेना द्वारा निरंतरता ड्रिल, डीआरडीओ द्वारा रोबोटिक्स प्रदर्शन और सेना के तीनों अंगों द्वारा संयुक्त बैंड प्रदर्शन शामिल थे। कार्यक्रम का समापन भारतीय नौसेना के ड्रम वादकों द्वारा टैटू समारोह के साथ हुआ।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading