मई 7, 2026

डॉ. सैजल ने विभिन्न पंचायतों में लगभग 41 लाख रुपये के उद्घाटन व लोकार्पण किए

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला दघोग में 03 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो अतिरिक्त कमरों, 09 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक सेवा केंद्र प्राथा, 07 लाख रुपए से बने प्रथा स्कूल के खेल मैदान, 10 लाख रुपए से निर्मित सम्पर्क सड़क से स्कूल तक टाइल कार्य का लोकार्पण भी किया। ग्राम पंचायत नारायणी के बड़ोग गांव में 12 लाख रुपए से निर्मित पटवार भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत नेरी कलां के सेरी में उप स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन तथा नव उन्नयन राजकीय उच्च विद्यालय नेरी कलां का शुभारम्भ भी किया।
इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत नेरी कलां के दघोग और ग्राम पंचायत प्राथा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गत वर्षाे में ग्राम पंचायत नेरी कलां में 31 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत प्राथा में 51 लाख रुपए विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता युक्त शिक्षा उपलब्ध करवाना सरकार का प्रयास रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में प्राथा पंचायत में अटल आदर्श विद्यालय खुलने से शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक विकास होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समान अभूतपूर्व विकास हुआ है। सरकार का कार्यकाल विकास की दृष्टि से सराहनीय व ऐतिहासिक रहा है। प्रदेश सरकार ने विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास को लेकर विकास करवाया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को गुणात्मक एवं सर्वसुलभ बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक योजनाएं आरम्भ की है जिसमें हिमकेयर योजना भी एक है, जोकि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए रामबाण साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना के तहत पात्र परिवारों को पंजीकृत सरकारी व निजी अस्पतालों में दाखिल होने पर 05 लाख रुपये तक प्रति परिवार प्रति वर्ष निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।

डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा उन्हें आर्थिक तौर पर मदद की जाती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तहत अन्नदाताओं को भी सालाना 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। किसानों को ये राशि हर 4 महीने के अंतराल पर दो-दो हजार रुपये करके 3 किस्तों में दी जा रही है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्राथा में 108 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
उन्होंने वाध गांव के खेड़ा मंदिर के लिए 02 लाख रुपए और स्थानीय स्वयं सहायता समूह को 20 हजार रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कसौली विधानसभा कपूर सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत नेरी कलां के प्रधान सुच्चा सिंह, ग्राम पंचायत प्राथा की प्रधान सरोज कुमारी, ग्राम पंचायत भोजनगर के प्रधान मनोज कुमार, किसान मोर्चा कसौली मण्डल के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर मुकेश, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला प्राथा के प्रधानार्चा समृता राजा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading