मार्च 11, 2026

नव उन्नयन राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई का डॉ. सैजल ने किया उद्घाटन

05 करोड़ 91 लाख रुपये से निर्मित होने वाले डबल लेन ओवर ब्रिज का किया शिलान्यास
परवाणू के आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया शुभारम्भ
अधिकारी डेंगू प्रभावित क्षेत्र में फोगिंग करवाना करें सुनिश्चित- डॉ. सैजल

ज़िला सोलन के कसौली विधानसभा क्षेत्र में नव उन्नयन राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई का उद्घाटन आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने किया। डॉ. सैजल ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए विद्यालय को उच्च विद्यालय का दर्जा दिया गया है।
उन्होंने 62 लाख से निर्मित चाहा खड्ड के उपर 25 मीटर स्पेन फुट ब्रिज का उद्घाटन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने परवाणू-खड़ीन-बनासर-भोजनगर सड़क पर कामली खड्ड के उपर 05 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 50 मीटर स्पेन डबल लेन ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया।
डॉ. राजीव सैजल ने परवाणू के सैक्टर 04 में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र का शुभारम्भ किया। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य केन्द्र में 01 आयुर्वेदिक डॉक्टर, 02 आयुर्वेदिक चिकित्सक और 01 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति की गई है।
डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधा सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार ने गत वर्षों में 1800 से अधिक डॉक्टरों की भर्ती की गई है और भविष्य में लगभग 300 डॉक्टरों की भर्ती की जानी है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर को लागू करने से प्रदेश ने स्वास्थ्य सुरक्षा का सार्वभौमिकरण करते हुए सुरक्षा चक्र को पूर्ण किया है। जो परिवार आयुष्मान भारत योजना अथवा सरकारी चिकित्सा प्रतिपूर्ति में शामिल नहीं है, उनको हिमकेयर योजना के तहत अस्पताल में दाखिल होने पर 05 लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की गई है।

उन्होंने आम जनता से आग्रह करते हुए कहा कि कोरोना महामारी को हराने के लिए पात्र लोग बूस्टर डोज अवश्य लगाएं।
उन्होंने कहा कि गत वर्षों में वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश में विभिन्न विकासात्मक कार्य किए गए है। भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण बनाने के लिए भी प्रदेश सरकार ने कार्य किया है।
डॉ. राजीव सैजल ने उपस्थित लोगों को प्रथम नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री रोशनी योजना शुरू की गई है जिसमें गरीब परिवारों को निःशुल्क बिजली कुनेक्शन दिए जा रहे है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा 125 यूनिट से कम खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बिल में शत प्रतिशत उपदान की सुविधा दी गयी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा क्षेत्र को विशेष महत्व प्रदान किया है। हाल ही में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा प्रस्तुत बजट में वृद्धावस्था पेंशन के लिए आयु सीमा सभी के लिए कम करके 60 वर्ष कर दी गई है जिससे लोग लाभान्वित हुए है।
उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र परिवारों को खाना पकाने के लिए धुंआ रहित ईंधन प्रदान करने, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिसम्बर, 2019 में हिमाचल को चूल्हा धुंआ मुक्त राज्य घोषित किया गया है। हिमाचल यह उपलब्धि प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
इसके उपरांत उन्होंने परवाणू में लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह में डेंगू रोग से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सूचना, शिक्षा एवं सम्प्रेषण गतिविधियों पर बल दें और लोगों को डेंगू रोग के बारे में भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग करना भी सुनिश्चित करें।
डॉ. सैजल ने ईएसआई अस्पताल परवाणू का दौरा किया और डेंगू के पीड़ितों से मुलाकात कर उनका कुशलश्रेम जाना।
उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी तथा उनका सहानुभूतिपूर्वक निवारण करने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. डेज़ी ठाकुर, ज़िला परिषद सदस्य दर्पणा ठाकुर, कृषि उपज विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, ज़िला उपभोक्ता संघ के अध्यक्ष सुदंरम ठाकुर, ज़िला दुधारू पशु सुधार सभा रामेश्वर शर्मा, भाजपा मण्डल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, भाजपा कसौली मण्डल के उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, महासचिव कसौली भाजपा किशोरी लाल, ग्राम पंचायत कोट बेजा की प्रधान किरण ठाकुर, उप प्रधान सुनील दत्त, ग्राम पंचायत जंगेशु की प्रधान ब्यासा ठाकुर, उप प्रधान राजेन्द्र ठाकुर, राजकीय उच्च विद्यालय गुनाई के प्रधानाचार्य राजीव शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सोनिया, पंचायती समिति के सदस्य भगवान दास, महिला मोर्चा कसौली की अध्यक्षा ममता ठाकुर, ज़िला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एम.एल. शर्मा, उप निदेशक शिक्षा (निरीक्षण) श्रवण चौधरी सहित नगर परिषद परवाणू के पार्षद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading