केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खेल उद्योग के प्रमुखों से ‘मेक इन इंडिया, प्ले इन इंडिया, ग्रो विद इंडिया’ का आह्वान किया
‘खेल के मैदान से पोडियम तक’: डॉ. मांडविया ने भारत में खेलों को बढ़ावा मिलने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को दिया
‘निजी निवेश से अधिक दक्षता और नवाचार को बढ़ावा मिल सकता है’: केंद्रीय खेल मंत्री
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को नई दिल्ली में फि़क्की (भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ) के खेल व्यवसाय पर वैश्विक शिखर सम्मेलन टर्फ के 16वें संस्करण का उद्घाटन किया।
सभा को संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “खेल युवा विकास, सामाजिक समावेशन, आर्थिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेलों को राष्ट्र निर्माण के अपने एजेंडे के केंद्र में रखा है। हमारा दृष्टिकोण एक स्पष्ट विज़न पर आधारित है – खेल के मैदान से पोडियम तक, प्रत्येक इच्छुक खिलाड़ी के लिए अवसर सृजित करना।”

यह शिखर सम्मेलन “पावरिंग इंडियाज़ स्पोर्ट्स इकोनॉमी: पार्टनरशिप्स, इनोवेशन एंड ग्लोबल लीडरशिप” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
पिछले 12 वर्षों में भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “खेलो इंडिया मिशन, फिट इंडिया मूवमेंट और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना जैसी पहलों के माध्यम से हम जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी का विस्तार कर रहे हैं, खेल प्रतिभाओं की पहचान कर रहे हैं और उच्च प्रदर्शन वाले खेलों की दिशा में अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।”
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में नई खेलो इंडिया योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले पांच वर्षों के लिए 36,441 करोड़ रुपये का परिव्यय निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना, प्रतिभाओं को निखारना और देशभर में खेलों के विकास को बढ़ावा देना है।

भारत के प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “एशियाई खेल 2026 में भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।”
उन्होंने आगे कहा, “एशियाई पैरा खेल 2026 में भी भारत का प्रदर्शन उतना ही ऐतिहासिक रहा, जहां हमारे पैरा खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 114 पदक जीते, जो इन खेलों में अब तक की हमारी सर्वाधिक पदक संख्या है।”
उद्योग की भूमिका पर बात करते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा, “हम मानते हैं कि खेलों का भविष्य केवल खिलाड़ियों और खेल संस्थानों से ही नहीं, बल्कि एक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और नवाचार-संचालित खेल उद्योग से भी तय होगा।”

सरकार ने भारत को खेल सामग्री के विनिर्माण और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए 1,856.67 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना को मंजूरी दी है।
खेलो भारत नीति 2025 में भारत में खेलों के विकास के लिए एक व्यापक विज़न प्रस्तुत किया गया है, जबकि राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम खेल प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित कर रहा है।
डॉ. मांडविया ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेज़बानी करने के भारत के इरादे को रेखांकित किया। भारत वर्ष 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहा है, वहीं इसी शहर में भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेज़बानी करने की भी उम्मीद कर रहा है।

“पिछले 18 महीनों में ही भारत ने 18 शहरों में 40 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया है। यह न केवल हमारी खेल अवसंरचना की मजबूती, बल्कि हमारी बढ़ती आयोजन क्षमताओं को भी दर्शाता है।”
केंद्रीय खेल मंत्री ने उद्योग जगत के प्रमुखों को इस क्षेत्र के प्रति दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, “खेल अवसंरचना, उच्च प्रदर्शन वाली अकादमियों, खेल विज्ञान सुविधाओं, खेल प्रौद्योगिकी और खिलाड़ी प्रबंधन प्रणालियों के विकास में अपार संभावनाएं हैं। निजी निवेश से हमारे खेल पारिस्थितिकी तंत्र में अधिक दक्षता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को शामिल किया जा सकता है।”
डॉ. मांडविया ने कहा, “हमारा विज़न भारत को एक खेल राष्ट्र से वैश्विक खेल अर्थव्यवस्था में बदलना है। वर्ष 2047 तक विकसित देश बनने की दिशा में आगे बढ़ते हुए, खेल इस यात्रा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों, निवेशकों, विनिर्माताओं और खेल संस्थानों को इस बदलाव में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, “आइए, हम सब मिलकर मेक इन इंडिया, प्ले इन इंडिया और ग्रो विद इंडिया के लिए काम करें।”
उद्घाटन सत्र में फि़क्की खेल समिति के अध्यक्ष एवं जीएमआर समूह के रणनीतिक सलाहकार श्री पी.के.एस.वी. सागर; फि़क्की खेल समिति के सह-अध्यक्ष एवं अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य व्यवसाय अधिकारी श्री संजय अडेसरा; फि़क्की के अध्यक्ष श्री विजय शंकर; और फि़क्की की महानिदेशक सुश्री ज्योति विज सहित अंतरराष्ट्रीय साझेदारों, खेल जगत के प्रमुखों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों ने भाग लिया।