रक्षा मंत्री टोक्यो में चतुर्थ भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में भाग लेंगे और जापान के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 से 19 नवंबर, 2026 तक जापान की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की वार्ता (2+2) के चतुर्थ संस्करण में भाग लेंगे और जापान के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जापान के रक्षा मंत्री श्री शिंजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री श्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ टोक्यो में आयोजित होनेवाली इस 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस वार्ता में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा और स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की जाएगी।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री के बीच होने वाली द्विपक्षीय बातचीत इस वर्ष उनकी तीसरी बैठक होगी। दोनों मंत्री अगस्त 2026 में नई दिल्ली में हुई बातचीत और अक्टूबर 2026 में सेबू में ‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यासों के दायरे को बढ़ाने, उनकी जटिलता तथा औद्योगिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श करेंगे।
भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। आगामी यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच परिचालन और औद्योगिक सामंजस्य को बढ़ाने की रूपरेखा तैयार करना है।