नवम्बर 9, 2026

राज्यपाल ने ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के अंतर्गत बच्चों से बातचीत की

भारतीय सेना की राष्ट्रीय एकता यात्रा ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के गुज्जर और बकरवाल समुदायों के 25 बच्चों ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की।

राज्यपाल ने बच्चों के साथ बातचीत में कहा कि दूर-दराज एवं सीमांत क्षेत्रों के बच्चों के लिए इस प्रकार की शैक्षिक यात्राएं आयोजित करने की भारतीय सेना की पहल सराहनीय है। इस प्रकार की पहल राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और बच्चों को देश की विविधता एवं विकास के बारे में जानने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बच्चों को लगन से शिक्षा ग्रहण करने और देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
यह यात्रा ममून कैंटोनमेंट से प्रारंभ हुई थी और 28 सितम्बर को चंडीगढ़ पहुंची। चंडीगढ़ प्रवास के दौरान बच्चों ने पंजाब और हरियाणा राज्य के राज्यपाल से भेंट की तथा वेस्टर्न कमांड मुख्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने रॉक गार्डन और सुखना लेक जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भी दौरा किया।
यात्रा के अंतिम चरण में बच्चे शिमला पहुंचे, जहां उन्होंने अन्नाडेल म्यूजियम, बर्ड सैंक्चुरी, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज और आर्मी ट्रेनिंग कमांड का भ्रमण किया तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से भेंट की।
बच्चों ने भारतीय सेना का एक यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्यपाल का भी उनके प्रेरणादायक शब्दों और आत्मीय स्वागत के लिए धन्यवाद किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा और यात्रा के समन्वयक लेफ्टिनेंट कर्नल अमरीक सिंह भी उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.