अप्रैल 22, 2026

ऋण आवंटन के लक्ष्यों को समय पर पूरा करें सभी बैंक – मनमोहन शर्मा

ज़िला सलाहकार समिति की 180वीं त्रैमासिक बैठक आयोजित

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने ज़िला में कार्यरत सभी बैंकों को निर्देश दिए हैं कि सभी बैंक ऋण आवंटन के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें ताकि युवाओं को रोज़गार एवं स्वरोज़गार के क्षेत्र में अधिक से अधिक लाभ मिल सके। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला के अग्रणी बैंक यूको बैंक द्वारा आयोजित ज़िला सलाहकार समिति की 180वीं त्रैमासिक एवं ज़िला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उपायुक्त ने कहा कि समय पर ऋण प्रदान कर लक्षित वर्गों की आर्थिकी को मज़बूत करने में बैंक महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर आर्थिकी को सुदृढ़ करने में बैंक अहम हैं। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ज़िला के आमजन तक वित्तीय योजनाएं पंहुचाने के लिए सशक्त एवं प्रभावी प्रचार सुनिश्चित बनाएं।
मनमोहन शर्मा ने कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा तथा पशु बीमा करवाने के लिए किसानों को प्रेरित करें ताकि लाभार्थियों को समय पर इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर लघु प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएं ताकि किसानों की आर्थिकी मज़बूत करने में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में खरीफ़ की फसल के अतंर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 4076 किसानों की 5676 हैक्टेयर भूमि बीमा में कवर कर ली गई है।
उन्होंने ज़िला में कार्यरत विभिन्न बैंकों को निर्देश दिए कि लम्बित पड़े ऋण मामलों को शीघ्र निपटाएं। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एम.एस.एम.ई.) स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर पात्रता अनुसार शीघ्र कार्यवाही की जानी चाहिए ताकि युवा उद्यमी समय पर लाभ प्राप्त कर अपना व्यवसाय आरम्भ कर सकें। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ऋण सम्बन्धी मामलों के अविलम्ब निपटारे के लिए बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले ऋण की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
भारतीय रिजर्व बैंक के ज़िला अग्रणी अधिकारी राहुल जोशी ने सभी बैंकों से री-केवाईसी और जनसुरक्षा योजनाओं के तहत शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ज़िला की वार्षिक क्रेडिट योजना की समीक्षा की गई और जून 2025 तक एम.एस.एम.ई. अग्रिम, शिक्षा ऋण और गृह ऋणों की वृद्धि पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई की ज़िला सोलन में 240 पंचायतों में से 231 पंचायतों में सेचुरेशन शिविर आयोजित किए जा चुके हैं तथा शेष 09 पंचायतों में भी शीघ्र ही सेचुरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में ज़िला के अग्रणी बैंक यूको बैंक की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल द्वारा जानकारी दी गई कि ज़िला में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 30 जून, 2025 तक शिशु श्रेणी के तहत 214 लाभार्थियों को लगभग 02 करोड़ 44 लाख रुपए, किशोर श्रेणी में 1502 लाभार्थियों को लगभग 24 करोड़ 88 लाख रुपये तथा तरूण श्रेणी के तहत 766 लाभार्थियों को लगभग 45 करोड़ 46 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह तरुण प्लस में आठ लाभार्थियों को लगभग एक करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 30 जून 2025 तक कुल 2490 लाभार्थियों को लगभग 73 करोड़ 96 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 267 आवेदनों में से 133 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं जबकि 134 आवेदनों का कार्य प्रगति पर है।
ज़िला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, नाबार्ड के ज़िला विकास प्रबंधक अशोक चौहान, पशु पालन विभाग सोलन के अतिरिक्त निदेशक डॉ. विजय कुमार पाठक, ज़िला पंचायत अधिकारी सोलन जोगिंदर प्रकाश राणा, यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बैंक के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading