सितम्बर 21, 2026

दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ऋतु की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय पर अपने-अपने विभाग के आवश्यक कार्यों को पूर्ण कर लें ताकि अकस्मात आपदा के प्रभाव को न्यून से न्यून किया जा सके। मनमोहन शर्मा आज यहां दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ऋतु की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मनमोहन शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बाढ़, भूकंप व भू-स्खलन की दृष्टि से ज़िला के संवेदनशील स्थानों में पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने व सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गत मानसून से प्रभावित हुए संवेदनशील गांव का विशेष ध्यान रखें ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग व विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को मानसून के दौरान होने वाली बिजली व पानी की समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को मानसून से होने वाले जल जनित रोगों से निपटने के लिए जल भंडारण टैंकों व नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने ज़िला आपदा प्रबन्धन विभाग के अधिकारियों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को मौसम की जानकारी लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading