मार्च 10, 2026

राज्यपाल ने पौधरोपण कर मनाया जन्मदिवस; दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन परिसर में बुरांश का पौधा रोपकर अपना जन्मदिवस मनाया। इस विशेष अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती जानकी शुक्ला भी मौजूद थीं।
राज्यपाल ने प्रसिद्ध जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल को दूरभाष से जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी राज्यपाल को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल को उनके जन्मदिवस पर बधाई देने के लिए राजभवन में एक सादे लेकिन गर्मजोशी भरे समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा ‘मुझे राज्य के लोगों का प्यार और समर्थन मिलता रहे, ताकि मैं इस प्रतिष्ठित पद की गरिमा को हमेशा बनाए रख सकूं और हिमाचल प्रदेश के विकास में योगदान दे सकूं।’ उन्होंने नशा निवारण अभियान की सफलता पर भी संतोष व्यक्त किया, जो अब एक पूर्ण आंदोलन में बदल गया है। उन्होंने नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कानून लाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल में जनता अपना बहुमूल्य योगदान सुनिश्चित कर रही है।
मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी राज्यपाल को इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading