मार्च 10, 2026

डाॅ. सैजल ने किया सोलन जिला के प्रथम स्वास्थ्य मेला का शुभारम्भ

स्वास्थ्य क्षेत्र पर इस वर्ष व्यय किए जा रहे 2752 करोड़

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि आज से 22 अप्रैल, 2022 तक आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य मेले लोगों को बेहतर परीक्षण सुविधाओं के साथ-साथ आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना के लाभ भी दिलवाएंगे। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र में धर्मपुर स्थित टी.बी सैनीटोरियम में आयोजित प्रथम स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
डाॅ. सैजल ने कहा कि स्वास्थ्य मेले के आयोजन का उद्देश्य लोगों को केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मेले में लोगों को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, परीक्षण सुविधा सहित बहुविशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेले में कुष्ठ रोग, क्षय रोग इत्यादि की जांच की जाएगी और नशा निवारण परामर्श प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेला लोगों को हिमकेयर तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने की सुविधा भी प्रदान करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केन्द्र की आयुष्मान भारत तथा प्रदेश सरकार की हिमकेयर एवं सहारा योजना के माध्यम से अनेक रोगियों को समय पर सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विस्तार पर 2752 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है और इस उद्देश्य में प्रदेश सरकार सफल रही है।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन नियमित योगाभ्यास करें और समयानुसार व्यायाम कर स्वस्थ एवं सजग रहें।
उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का शुभारम्भ भी किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें स्वास्थ्य मेलों के आयोजन की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल को स्वास्थ्य मेला नागरिक अस्पताल अर्की, 20 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी, 21 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ और 22 अप्रैल, 2022 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चण्डी में आयोजित किया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर रक्त दान शिविर का आयोजन भी किया गया।
जिला सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष सुदंरम ठाकुर, ग्राम पंचायत धर्मपुर की प्रधान बीना गुप्ता, ग्राम पंचायत आंजी मातला के प्रधान नरेन्द्र शर्मा, ग्राम पंचायत गड़खल कसौली के प्रधान राम सिंह, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक निदेशक मण्डल के सदस्य लाज किशोर शर्मा, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, बीडीसी सदस्य आशा, भाजपा नेता तीर्थ राम ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य किरण प्रकाश अत्री, ग्राम पंचायत धर्मपुर के पूर्व प्रधान सुशील शर्मा, जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य जोगिन्द्र शर्मा एवं सीताराम शर्मा, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डाॅ. अमित रंजन, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading