सितम्बर 20, 2026

सोलन में खेल परिसर निर्मित करने का होगा प्रयास

खेल गतिविधियां सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक – डॉ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि खेल गतिविधियां सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक हैं। वर्तमान युग में मानसिक तनाव को कम करने में मास्टर गेम्ज़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं सहायक सिद्ध होगी। डॉ. शांडिल आज सोलन के ठोडो मैदान में 12वीं हिमाचल प्रदेश मास्टर गेम्ज़ का शुभारम्भ करने के उपरांत प्रतिभागियों और अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि आयु बढ़ने के साथ-साथ हमारे शरीर की कार्यप्रणाली धीरे होने लगती है। शारीरकि एवं मानसिक रूप से क्रियाशील बने रहने के लिए यह आवश्यक है कि हम नियमित रूप से कुछ समय खेल एवं व्यायाम को दें। उन्होंने कहा कि मास्टर गेम्ज़ मध्य आयु वर्ग से लेकर बुजुर्गों को वरिष्ठ नागरिकों तक को खेलों के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने आग्रह किया कि सभी को नियमित रूप से अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना चाहिए और खेलों में भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति स्वयं व आस-पास के लोगों के जीवन को सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि अपने तथा समाज के विकास के लिए सकारात्मक वातावरण आवश्यक है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल-कूद गतिविधियां व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक, शारीरिक रूप से क्रियाशील रखकर सामाजिक विकास में अहम योगदान देती है। उन्होंने कहा कि खेल हमें विज्ञान और मनोविज्ञान सीखा कर अनुशासित रहना सीखाते हैं।
उन्होंने कहा कि मास्टर गेम्ज़ में 96 वर्ष के लायक राम ने 100 मीटर की दौड़ में भाग लेकर सभी के लिए एक मिसाल कायम की है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि सोलन में खेल परिसर बनाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि सभी खेलों को एक ही परिसर में आयोजित किया जा सके।
मास्टर गेम्ज में प्रदेश से आए 400 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश मास्टर गेम्ज़ ऐसोसिएशन को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह, ईशा सूद, संगीता ठाकुर, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस सोलन के महासचिव कुनाल सूद तथा लोकेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेत्री संगीता धोल्टा, मधु ठाकुर, तहसीलदार सोलन मूल्तान सिंह बनियाल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, मास्टर गेम्ज एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार, महासचिव तेजस्वी शर्मा, कोषाध्याक्ष मस्त राम शारदिया, उपाध्यक्ष अजय कंवर, वरिष्ठ संयुक्त सचिव मनोज कंवर, ज़िला अध्यक्ष रजनीश कौशिक, सह सचिव रविन्द्र शर्मा, केवल राम, सीमा परमार सहित अन्य गणमान्य एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading