मार्च 11, 2026

लड़कियों की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की 64वीं राज्य स्तरीय लघु खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ

बेटियां किसी से कम नहीं- डॉ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आज लड़कियां खेलों सहित जीवन के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। डॉ. शांडिल आज यहां एतिहासिक ठोडो मैदान में लड़कियों की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की 64वीं राज्य स्तरीय लघु खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित खिलाड़ियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
04 दिवसीय इस प्रतियोगिता में सभी 12 ज़िलों एवं एक खेल छात्रावास की 538 खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल और बैडमिंटन खेल आयोजित किए जाएंगे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि लड़कियों का बेहतर प्रदर्शन यह सिद्ध करता है कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। हाल ही में सम्पन्न एशियन खेलों में भारतीय लड़कियों का प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला की ज्योति ठाकुर हाल ही में सम्पन्न एशियन खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम की सदस्य रही हैं और उनका प्रदर्शन प्रदेश की सभी खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही ज्योति ठाकुर को राज्य स्तर पर सम्मानित करेगी और उन्हें पुरस्कार स्वरूप 15 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि छात्र जीवन न केवल स्वर्णिम समय होता है अपितु यह समय भावी सफल जीवन की नींव भी बनता है। उन्होंने कहा कि सभी छात्रों को इस समय का सदुपयोग कर सुखी एवं सफल भविष्य की नींव रखनी चाहिए।
डॉ. शांडिल ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीम भावना, समर्पण और स्वस्थ प्रतियोगिता जैसे गुणों को आत्मसात करना सिखाते हैं। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों का आह्वान किया कि जीवन में सदैव स्वस्थ प्रतियोगिता करें।
उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि जीवन में अपना मनोबल बनाए रखें और विपरीत परिस्थितियों में कभी भी हार न मानें। उन्होंने कहा कि आज के युवा भविष्य के कर्णधार हैं और युवाओं को देश को सुरक्षित एवं विकसित बनाने में अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और खेल एवं व्यायाम को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
डॉ. शांडिल ने विधिवत रूप से 04 दिवसीय खेल प्रतियोगिता आरम्भ करने की घोषणा की।
जोगिंद्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेन्द्र शर्मा एवं कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, कांग्रेस मीडिया पैनेलिस्ट शोभित बहल, अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, प्रथम बटालियन एन.सी.सी. सोलन के कर्नल संजय शांडिल, उच्च शिक्षा उप निदेशक डॉ. जगदीश नेगी, हिमाचल स्कूली क्रीड़ा संगठन के महासचिव अशोक कल्याण, ज़िला सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी अशोक चौहान, अन्य गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी तथा अध्यापक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading