मार्च 9, 2026

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, शिमला की वर्ष 2023-24 की प्रथम छमाही बैठक का हुआ आयोजन

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, शिमला (कार्यालय-1) की वर्ष 2023-24 की प्रथम छमाही बैठक आज दिनांक 21 सितंबर, 2023 को अपराह्न 03:00 बजे ‘’द पीटरहॉफ,’’ शिमला के ‘’दरबार हॉल’’ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती रेखा शुक्ला, मुख्य आयकर आयुक्त एवं अध्यक्ष नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, शिमला द्वारा की गई।

आज की इस बैठक में शिमला स्थित केंद्र सरकार के 65 सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों, प्रतिनिधियों, राजभाषा अधिकारियों व अन्य सहायक कार्मिकों ने भाग लिया। अपने संबोधन में अध्यक्ष महोदया ने सभी सदस्य कार्यालयों को अपना सरकारी कामकाज हिंदी में करने हेतु आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिंदी में कार्य करना सरल है, क्योंकि हिंदी एक समावेशी भाषा के रूप में बहुत तेज़ी से विकसित हो रही है। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के प्रयत्नों से ‘’हिंदी शब्द सिन्धु’’ तैयार किया गया है, जिसमें भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में सम्मिलित 22 अन्य भारतीय भाषाओं के शब्दों को भी समावेशित करते हुए 3,51,000 शब्द डाले गए हैं। विविधता में एकता की भावना को विकसित करते हुए, हिंदी राजभाषा का प्रयोग एक संपर्क व संवाद की भाषा के रूप में सहज व सरल ढंग से किया जाना संभव है।

उन्होंने आगे कहा कि नराकास, शिमला में केंद्रीय सरकार के 65 कार्यालय सदस्य हैं। अत: यह अपने आप में एक बहुत बड़ा मंच है, जिसके माध्यम से हमें जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण व भू-ऊष्मीकरण जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए यह प्रण करना चाहिए कि हमारे कार्यालय पूर्णत: प्लास्टिक फ्री रहते हुए नगरीय अवशिष्ट में कोई भी वृद्धि अपनी ओर से नहीं होने देंगे।

उन्होंने आशा प्रकट की कि सभी सदस्य कार्यालयों के सहयोग से नराकास, शिमला देश की सर्वश्रेष्ठ नराकासों की श्रेणी की ओर अग्रसर होगी। बैठक में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए समिति सचिव, सुधा सिंह ने सभी का बैठक में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद किया एवं अध्यक्ष कार्यालय से सदस्य कार्यालयों को सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading