सितम्बर 23, 2026

राज्यपाल ने की सात दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मण्डी के समापन समारोह की अध्यक्षता

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज मण्डी में आयोजित सात दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह के अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश के मेले एवं त्यौहार अपने में अनूठे होेते हैं और यह राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस महोत्सव की बहुमूल्य परम्पराओं को भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित रखा जाना चाहिए, क्यांेकि यह एक राज्य एवं राष्ट्र के रूप में हमारी पहचान की पुष्टि करती हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्ष भर उत्सव एवं त्यौहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। यह उत्सव हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं और इन आयोजनों से हमारे मन में कभी भी नकारात्मकता का प्रवेश नहीं हो पाता। साथ ही हमारा उत्साह भी कभी क्षीण नहीं होता। उन्होंने कहा कि यहां के ऊंचे पर्वतों की भांति प्रदेश के लोगों का हृदय भी विशाल है और हिमाचल अपने स्नेहपूर्ण आतिथ्य-सत्कार के लिए जाना जाता है। यहां के लोगों की देवी-देवताओं में अटूट आस्था के कारण ही इस देवभूमि की महता और भी बढ़ जाती है।

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि संस्कृति और इसकी विरासत हमारी राष्ट्रीय पहचान को परिभाषित करने के साथ ही हमारे मूल्यों, आस्था और आकांक्षाओं को प्रर्दशित एवं आकार भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि मेले और त्यौहार लोगों में नव उर्जा का संचार करते हैं और हमें इनमें सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने राजदेव माधोराय के मन्दिर में पूजा-अर्चना की और इस अवसर पर आयोजित जलेब में शामिल हुए। उन्होंने सामूहिक भोज में भी भाग लिया।

अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने राज्यपाल का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार मेले में सात सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की गई हैं और मेले में 200 पंजीकृत देवता शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बजंतरियों के अनुदान एवं उनके राशन अनुदान तथा नजराना राशि में इस वर्ष आशातीत बढ़ोतरी की गई है। इसके अतिरिक्त खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है।

इस अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। मंडी नगर निगम की महापौर दीपाली जस्वाल, उप-महापौर वीरेंद्र भट्ट, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य वरिष्ठजन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।  

गत सायं राज्यपाल ने अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनन्द लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सक्षम बच्चों की प्रस्तुति डांस ऑन व्हील से अत्यन्त प्रभावित हुए। इस अवसर पर उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने राज्यपाल को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading