मार्च 8, 2026

संगीत जीवन का स्पंदन – डाॅ. शांडिल

फिलफाॅट फोरम की 35वीं प्रतियोगिता अभिनय-2023 सम्पन्न

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि संगीत जीवन का स्पंदन है और संगीत ही मनुष्य को तनाव से मुक्त रखता है। डाॅ. शांडिल गत देर सांय सोलन के कोठों में फिलफाॅट फोरम द्वारा आयोजित 35वीं अखिल भारतीय नृत्य, नाटक और संगीत प्रतियोगिता ‘अभिनय 2023’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्राचीन समय से ही संगीत प्रकृति के साथ-साथ मनुष्य को सुकून प्रदान करता आया है। उन्होंने कहा कि जीवन में संगीत विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। संगीत पर आधारित ऐसी प्रतियोगिताएं आज की भागा-दौड़ की जिंदगी में राहत प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि संगीत के माध्यम से क्षेत्र विशेष की संस्कृति का संवर्द्धन एवं प्रचार-प्रसार सरलता के साथ किया जा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हमारी संस्कृति के सवंर्द्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध एवं बहुरंगी संस्कृति देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्धि संस्कृति को संजोए रखने के लिए वचनबद्ध है और यह प्रयास किया जा रहा है कि संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति अपनी विविधता के लिए विश्व में खास पहचान रखती है। प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास में हमारी सांस्कृतिक धरोहरों महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
डाॅ. शांडिल ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और फिलफाॅट फोरम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिलफाॅट फोरम वर्ष 1986 से कलाकारों को अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता देश के साथ-साथ हिमाचल के उभरते हुए कलाकारों को भविष्य का बेहतर कलाकार बनने की दिशा में उचित मंच प्रदान करेगी। ऐसे कार्यक्रम हमारी युवा पीढ़ी को अपने देश की रंग-बिरंगी संस्कृति से रू-ब-रू करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने इस अवसर पर संस्था की स्मारिका का विमोचन भी किया।
उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से फिलफाॅट फोरम को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।
डाॅ. शांडिल ने प्रतियोगिता के विभिन्न आयामों के विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर ग्राम पचंायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, ज़िला कांग्रेस व्यापार मण्डल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जतिन साहनी, युवा कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत नारंग, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के सचिव लोकेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगमोहन मल्होत्रा, अजय कंवर, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, फिलफाॅट फोरम के अध्यक्ष विपुल गोयल, निदेशक मनोज गुप्ता, महासचिव राजीव उप्पल, प्रधान विजय पुरी, उप प्रधान सुनीता शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कलाकार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading