मई 7, 2026

हरिपुर रैली में पहुंचे मुख्यमंत्री के पैतृक गांव बैह धौंटा के निवासी, 90 वर्ष पूर्व नादौन शिफ्ट हुआ था ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का परिवार

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के पुश्तैनी गांव बैह धौंटा के निवासी बड़ी संख्या में आज उनकी देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर रैली में उत्साह के साथ शामिल होने के लिए पहुंचे। बैह धौंटा देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है और गांव के निवासी विशेष रूप से मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पहुंचे थे। बैह धौंटा के निवासी जगदीश चौहान ने बताया कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू रिश्ते में उनके भाई लगते हैं और उनके दादा तक की पीढ़ी इसी गांव में रहती थी। लगभग 90 साल पहले ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का परिवार बैह धौंटा गांव से शिफ्ट होकर नादौन के भवड़ां चला गया था।
वहीं ग्राम पंचायत बैह के प्रधान गंधर्व सिंह ने बताया कि आज भी ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के परिजन सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बैह धौंटा आते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग इस बात से बेहद खुश हैं कि उनका एक पारिवारिक सदस्य आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर विराजमान है और उनके इलाके का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का जूलॉजिकल पार्क दिया है और केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य भी शुरू करवाया है। पौंग झील में भी उन्होंने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं, जिससे देहरा के युवाओं को भी लाभ होगा।
धौंटा पचायत के प्रधान होशियार सिंह ने बताया कि वह 26 मई को धर्मशाला में मुख्यमंत्री से भेंट कर चुके हैं। इस दौरान ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के परिवार के कई सदस्य भी साथ रहे और क्षेत्र के विकास कार्यों के बारे में मुख्यमंत्री ने उनसे जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही दोबारा मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें उनके पुश्तैनी गांव बैह धौंटा आने का निमंत्रण देंगे और उनके सम्मान में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का भी आयोजन करेंगे।
कांग्रेस देहरा जिला के पूर्व अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बताया कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू देहरा के पुत्र हैं और जसवां परागपुर के दामाद हैं। उनका कांगड़ा के साथ गहरा रिश्ता है और इस क्षेत्र के विकास को लेकर वह बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कांगड़ा जिला को टूरिज़्म कैपिटल के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिला के विकास के लिए वह बड़ी-बड़ी परियोजनाएं आरम्भ करेगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कई अवसरों पर कहा है कि कांगड़ा उनका घर है और कांगड़ा के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Reply

हो सकता है आप चूक गए हों

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading