मार्च 11, 2026

मुख्यमंत्री ने बालिका आश्रम में मनाया अपना जन्मदिवस

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बालिका आश्रम टूटीकण्डी, शिमला में बालिकाओं के साथ अपना 59वां जन्मदिवस मनाया और उन्हें मिठाईयां बांटी। इस अवसर पर केक भी काटा गया तथा बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के 6 हजार अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरम्भ की है तथा विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए भी एक योजना तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही आरम्भ किया जाएगा। यह योजना ऐसे बच्चों की क्षमता विकास तथा उनकी आकांक्षाओं को पूर्ण कर आजीविका अर्जित करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है।
इससे पूर्व, विभिन्न क्षेत्रों तथा वर्गों के लोगों ने मुख्यमंत्री के निवास ओक ओवर में जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा, कमलेश ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री ने देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड की टीम को सम्मानित किया। उन्होंने विजेता टीम को एक लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने जागरूकता पैदल यात्रा में भी भाग लिया जिसमें सैंकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह यात्रा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से सचिवालय से आरम्भ होकर ओक ओवर में सम्पन्न हुई।
मुख्यमंत्री रिज पर रक्तदान शिविर तथा गेयटी थियेटर मे सिनर्जिस्टिक यूथ एंड कल्चरल ऑर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है तथा राज्य देश में मॉडल राज्य के रूप में उभर रहा है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार मादक पदार्थो के दुरूपयोग को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने जा रही है। प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को और सुदृढ़ करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दूरभाष पर उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्रीगण, विधायकगण, विभिन्न बोर्ड तथा निगम के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने माता तारा देवी मंदिर में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की उन्नति तथा खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading