मार्च 9, 2026

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन को किया संबोधित

छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के 85वें पूर्ण अधिवेशन के दूसरे दिन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही अपने 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है, जो कांग्रेस सरकार के चुनावी वायदों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राष्ट्र के विकास में नेहरू-गांधी परिवार के बहुमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार ने देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह परिवार सत्ता का भूखा नहीं है और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीमती सोनिया गांधी के साथ-साथ श्री राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पद ग्रहण करने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता को सुनिश्चित किया। उन्होंने समाज की विकास प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास राष्ट्र के लिए बलिदानों से भरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का जवाब देने के लिए 2024 में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर एक साथ खड़ा होना होगा।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीमती सोनिया गांधी को विधानसभा चुनाव में प्रदेश में मिली शानदार जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रीमती प्रियंका गांधी की चुनावी रणनीति के फलस्वरूप ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ और इस छोटे से राज्य में पार्टी की जीत आगामी लोकसभा चुनावों के लिए वरदान सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री राहुल गांधी ने हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लोगों में एकता और सद्भाव का संदेश देने के लिए कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक 3500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी ने मुख्य विपक्षी दल की जिम्मेदारी को समझते हुए भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ आवाज उठाने और आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह राज्य के लोगों के कल्याण के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले कार्यकर्ता को प्रदेश के शीर्ष पद पर आसीन करना कांग्रेस पार्टी की आम लोगों से जुड़े होने की विचारधारा और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. Newsphere द्धारा AF themes.

Discover more from जन किरण

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading