आधी अधूरी तैयारियों के साथ आईजीएमसी नाला पार्किंग में शिफ्ट किया गया लक्कड़ बाजार बस अड्डा
सोमवार को आईजीएमसी नाला पार्किंग को खाली करवा दिया गया ताकि यहां से एचआरटीसी बसों का संचालन शुरू किया जा सके और मंगलवार से इस नए स्थान से बसें चलाई गई। पार्किंग में बिजली, पानी, शौचालय, वर्षा शालिका, इंतजार कक्ष और क्लॉक रूम जैसी बुनियादी सुविधाओं का आभाव है। हिमालयन निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने बिना तैयारी के बस अड्डा शिफ्ट करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं।
लक्कड़ बाजार बस अड्डा एचआरटीसी के अधीन था, इसलिए नए अड्डे के प्रबंधन की जिम्मेवारी भी एचआरटीसी को सौंपी है। सोमवार को एचआरटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पार्किंग को खाली करवाया। यहां खड़ी नगर निगम की स्वीपिंग मशीन, हनी सकर और कबाड़ हटाया गया। देर शाम लक्कड़ बाजार बुकिंग ऑफिस से कंप्यूटर, प्रिंटर, सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल भी शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार को लक्कड़ बाजार बस अड्डे को बैरिकेडिंग कर बंद करके सभी बसें आईजीएमसी नाले से चलाई जाएंगी।
नगर निगम की पार्किंग को खाली करवा कर जरूरी सामान शिफ्ट कर दिया है। मंगलवार से बसें नए स्थान से चलेंगी। व्यवस्था सुचारु होने में एक हफ्ता लग सकता है। बिजली पानी का कनेक्शन लगाया जा रहा है। अस्थायी शौचालय की व्यवस्था के लिए नगर निगम और यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस से सहयोग मांगा है।